विपक्ष की भूमिका नहीं निभा पा रही कांग्रेस, CM नायब सैनी ने साधा निशाना; मोदी सरकार की नीतियों को सराहा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने 55 साल देश पर शासन किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महज 11 साल के शासन में देश की तस्वीर बदलने का काम किया है। कांग्रेस विपक्ष की भूमिका भी नहीं निभा रही।
उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन से सीख लेनी चाहिए, ताकि पता लगे कि विपक्ष की क्या भूमिका होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के राज में देश लगातार भ्रष्टाचार के दल-दल में फंसता चला गया। देश का विकास जिस गति से होना चाहिए था, वह नहीं हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 11 वर्षों में भारत का नाम दुनिया भर में रोशन करने का काम किया। कांग्रेस शासनकाल में केवल भ्रष्टाचार ही हुए।
आम आदमी पार्टी की विधायक नरेंद्र कौर भराज द्वारा लगाए गए उन्हें भाजपा का टिकट देने के लिए प्रलोभन संबंधी आरोपों को मनगढ़ंत बताते हुए नायब सैनी ने कहा कि पहले दिल्ली की जनता को सब्जबाग दिखाए और दिल्ली की जनता को धोखा दिया।
इसके बाद उन्होंने पंजाब में ऐसे वादे किए जो आज तक पूरे नहीं किए गए। इसके लिए पंजाब के लोगों में पीड़ा है। पंजाब की जनता ने पहले कांग्रेस पार्टी को वोट दिया, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें धोखा दिया। इसके बाद आप को वोट दिया, लेकिन आप ने उनके साथ महाधोखा किया। आज पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है, किसानों की हालत दयनीय है।
नायब ने कहा कि पंजाब में बाढ़ आई तो केजरीवाल पंजाब में किसानों को 20 हजार रुपये मुआवजा देने की बात कर रहे थे, लेकिन गुजरात गए तो वहां कहा कि पंजाब के किसानों को 50 हजार रुपये मुआवजा दिया। उन्होंने किसानों के साथ धोखा किया। आम आदमी पार्टी पंजाब में दबाव की राजनीति कर रही है। उन्हें जनता से किए वायदे पूरे करने चाहिए।

