निलंबित DIG भुल्लर की मुश्किलें बढ़ी, चंडीगढ़ CBI की विशेष अदालत में चलेगा केस, गृह मंत्रालय ने दी मंजूरी
रिश्वतकांड में पकड़े गए पंजाब के निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का केस चलाने के लिए सीबीआई को गृह मंत्रालय से मंजूरी मिल गई है। अब चंडीगढ़ सीबीआई की विशेष अदालत में केस चलेगा। मामले में अगली सुनवाई 22 फरवरी को होगी।
भुल्लर आइपीएस अधिकारी हैं, इसलिए उनके खिलाफ केस चलाने के लिए सीबीआई को केंद्र सरकार से मंजूरी की जरूरत थी। मंगलवार को सीबीआई ने गृह मंत्रालय से मिले प्राॅसिक्यूशन सेंक्शन ऑर्डर कोर्ट में जमा करवा दिए।
सीबीआई ने भुल्लर के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट भी दाखिल की है, जिसमें इस केस से जुड़े कुछ नए सबूत और गवाह भी हैं। ऐसे में सीबीआई भुल्लर के खिलाफ केस को और मजबूत बनाने में लगी है। एक दिन पहले ही भुल्लर को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से भी झटका लगा था। हाईकोर्ट ने उनकी जमानत अर्जी रद कर दी थी।

