पंजाबी गायक काशी नाथ के खिलाफ FIR दर्ज, धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप

मशहूर पंजाबी गायक काशी नाथ विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। लुधियाना पुलिस ने गायक काशी नाथ समेत कुल तीन लोगों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में FIR दर्ज की है।

दरअसल, यह पूरा मामला एक लाइव स्टेज शो से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान गायक काशी नाथ ने हिंदू देवी-देवताओं माता पार्वती और भगवान गणेश को लेकर कुछ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। जब इस कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो हिंदू संगठनों में भारी रोष देखने को मिला।

इस मामले को लेकर शिवसेना पंजाब के राष्ट्रीय चेयरमैन राजीव टंडन ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई थी। उनकी शिकायत और बयानों के आधार पर लुधियाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गायक काशी नाथ और दो अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोप है कि इन दोनों लोगों ने अपने सोशल मीडिया पेजों पर विवादित वीडियो अपलोड की थी।

विवाद बढ़ता देख गायक काशी नाथ ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर हिंदू समाज से हाथ जोड़कर माफी भी मांगी है। उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।

फिलहाल पुलिस की ओर से इस पूरे मामले की आगे की जांच की जा रही है।