करतारपुर साहिब कॉरिडोर दोबारा खोलने की मांग वाली याचिका खारिज, दिल्ली हाई कोर्ट ने दखल देने से किया इनकार

श्री करतारपुर साहिब के दर्शन करने का इंतजार कर रही संगत के लिए अहम खबर सामने आई है। दिल्ली हाई कोर्ट ने करतारपुर साहिब कॉरिडोर को दोबारा खोलने की मांग को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया है। अदालत ने कहा कि कॉरिडोर बंद करने का फैसला सरकार की ओर से देश के नागरिकों के हित में लिया गया नीतिगत फैसला है।

बुधवार को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव सांबरे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की खंडपीठ ने इस मामले की सुनवाई की। अदालत ने कहा कि पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद कॉरिडोर बंद करने का फैसला लिया गया था। पीठ ने स्पष्ट किया कि संविधान के अनुच्छेद 226 के तहत सरकार के इस नीतिगत फैसले में हस्तक्षेप करने का कोई आधार नहीं बनता।

यह जनहित याचिका गैर-सरकारी संस्था ‘पारदर्शिता पब्लिक वेलफेयर फाउंडेशन’ की ओर से दायर की गई थी। हालांकि, अदालत ने कहा कि संस्था की ओर से इस संबंध में सरकार को पहले ही मांग पत्र भेजा जा चुका है, इसलिए संबंधित अधिकारी उस पर विचार करेंगे।

गौरतलब है कि गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब, करतारपुर का सिख धर्म में बेहद महत्वपूर्ण स्थान है। श्री गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन के आखिरी 18 वर्ष यहां बिताए थे। भारत और पाकिस्तान के बीच 24 अक्टूबर 2019 को हुए समझौते के तहत भारतीय श्रद्धालुओं को बिना वीजा गुरुद्वारा साहिब के दर्शन करने की सुविधा दी गई थी।

श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के अवसर पर 9 नवंबर 2019 को इस कॉरिडोर का उद्घाटन किया गया था। इस सुविधा के तहत पंजीकरण और सुरक्षा मंजूरी के बाद रोजाना 5,000 भारतीय श्रद्धालु बिना वीजा दर्शन के लिए जा सकते थे।

लेकिन पहलगाम आतंकवादी हमले और इसके बाद चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के मद्देनजर भारत सरकार ने 7 मई 2025 को करतारपुर साहिब कॉरिडोर का संचालन स्थगित कर दिया था। अब कॉरिडोर दोबारा खोलने की मांग पर दिल्ली हाई कोर्ट के हस्तक्षेप से इनकार के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।